कोसाड बुद्ध विहार में 77वें भारतीय संविधान दिवस पर भव्य संविधान सम्मान समारोह आयोजित

kosad-01

कोसाड बुद्ध विहार में 77वें भारतीय संविधान दिवस पर भव्य संविधान सम्मान समारोह आयोजित
सूरत। समता सेवा फेडरेशन, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) सूरत शहर तथा भारतीय बौद्ध समाज विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में कोसाड स्थित करुणाशांति बुद्ध विहार में 77वें भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर भव्य संविधान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संविधान की पूजा-अर्चना कर संविधान के प्रति सम्मान और उसकी मूल भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
समारोह की अध्यक्षता गुजरात अल्पसंख्यक बोर्ड के पूर्व सदस्य एवं बौद्ध समाज के वरिष्ठ अग्रणी आप्पासाहेब काशीनाथ सिरसाठ ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सूरत महानगरपालिका की निर्माण समिति के अध्यक्ष राजेंद्रभाई पटेल, उतराण गांव के पूर्व सरपंच अभेसिंह बारड, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) गुजरात प्रदेश के महासचिव सुभाषभाई झाड़े, आरपीआई सूरत शहर महिला अध्यक्ष आशाबेन वी. मंगले तथा के.के. शास्त्री प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य अमितभाई हिराणी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं जागरूक नागरिकों ने संविधान का पूजन किया तथा 'भारतीय संविधान अमर रहे' के गगनभेदी नारे लगाए। उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। सभी नागरिकों को अपने घरों में भारतीय संविधान की प्रति रखनी चाहिए तथा परिवार के सदस्यों के साथ उसका नियमित अध्ययन करना चाहिए, ताकि प्रत्येक व्यक्ति अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी प्राप्त कर सके।