बढती महंगाई को लेकर सूरत में टायर पंक्चर कराना होगा महंगा, जल्द लागू होंगी नई दरें

mahangai with tyre

जैनशिल्प समाचार । सूरत
बढ़ती महंगाई, टायर-ट्यूब एवं अन्य कच्चे माल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी तथा मजदूरी और दैनिक संचालन खर्च में इजाफे के चलते सूरत शहर में टायर पंक्चर की सेवाएं महंगी होने जा रही हैं। टायर वर्कर्स वेंडर एसोसिएशन, सूरत ने पंक्चर मरम्मत के शुल्क में संशोधन करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। नई दरों की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
एसोसिएशन के अनुसार पिछले कई वर्षों से पंक्चर मरम्मत के शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की गई थी, जबकि इस दौरान रिपेयरिंग सामग्री, टायर-ट्यूब, उपकरणों, मजदूरी और अन्य आवश्यक खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इसके कारण इस व्यवसाय से जुड़े हजारों कारीगरों पर आर्थिक दबाव बढ़ता गया और उन्हें उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल नहीं मिल पा रहा था।
इस संबंध में 12 जून 2026 को एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में अध्यक्ष गिरीशकुमार, सचिव बेबी चकपाणी, कोषाध्यक्ष संजय सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में बढ़ती लागत को देखते हुए पंक्चर मरम्मत के शुल्क में संशोधन करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बुधवार को डभोली क्षेत्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसोसिएशन ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण, त्वरित और विश्वसनीय सेवा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बदली हुई परिस्थितियों के अनुरूप शुल्क में संशोधन आवश्यक हो गया है।
एसोसिएशन ने बताया कि नई दरों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। साथ ही शहर के वाहन चालकों और ग्राहकों से इस निर्णय को समझते हुए सहयोग करने की अपील भी की गई है। फिलहाल सभी की निगाहें नई दरों के ऐलान पर टिकी हैं। नई शुल्क सूची जारी होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि वाहन चालकों को टायर पंक्चर बनवाने के लिए कितनी अतिरिक्त राशि चुकानी होगी।