टेम्पो वेलफेयर एसोसिएशन ने मनाया भव्य 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
azadi utsav 15-8-26
सभी समाजों के गणमान्य नागरिकों एवं पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा,
पुलिस अधिकारियों ने की सेवा कार्यों की सराहना
जैनशिल्प समाचार । सूरत
सूरत शहर टेम्पो वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से कमेला दरवाजा के समीप एसोसिएशन के अध्यक्ष अय्यूब भाई शेख के नेतृत्व में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह में विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रीजन-2 ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक डी.जे. झाला तथा सलाबतपुरा पुलिस थाने के निरीक्षक आर.ए. जाडेजा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों का एसोसिएशन की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने सूरत शहर टेम्पो वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अय्यूब भाई शेख द्वारा कामगार एवं श्रमिक वर्ग के हितों के लिए निरंतर किए जा रहे सेवाभावी कार्य वास्तव में देशभक्ति का ही एक सच्चा रूप हैं। समाज के मेहनतकश वर्ग के साथ खड़े रहना, उनकी समस्याओं को समझना और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करना सराहनीय कार्य है।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लेने का दिन भी है। आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और जरूरतमंदों की सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।
टेम्पो वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अय्यूब भाई शेख ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन हमेशा टेम्पो चालकों, कामगारों एवं श्रमिक वर्ग के हितों तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही और पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं सामाजिक एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।


